Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS :सांसद बिद्युत बरण महतो ने पटमदा–बोड़ाम मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना को मिली गति, केंद्रीय जल आयोग से की मुलाकात

JAMSHEDPUR।
पूर्वी सिंहभूम जिले के किसानों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। सांसद बिद्युत बरण महतो ने पटमदा–बोड़ाम मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना को शीघ्र मंजूरी दिलाने के उद्देश्य से नई दिल्ली स्थित केंद्रीय जल आयोग (CWC) के सचिव से मुलाकात की और परियोजना के जल्द क्रियान्वयन का आग्रह किया।

सांसद ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार को इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति के लिए पूरा प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। यह योजना क्षेत्र के हजारों किसानों के लिए जीवनरेखा साबित हो सकती है, क्योंकि इसके तहत लगभग 16,900 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

1400 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना

इस मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 1,400 करोड़ रुपये है। इसके प्री-फीजिबिलिटी रिपोर्ट को केंद्रीय जल आयोग को पांच माह पहले ही भेज दिया गया था। रिपोर्ट मिलने के बाद से आयोग ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं की पिछले पाँच महीनों में तीन बार तकनीकी जांच (Technical Inspection) की है।

सांसद बिद्युत बरण महतो ने बताया कि आयोग की इन तकनीकी जांचों का प्रतिवेदन राज्य सरकार द्वारा पुनः केंद्र को भेज दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय से भी की मुलाकात

इसी क्रम में सांसद ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के सचिव वी. एल. कांता राव से भी मुलाकात कर परियोजना को जल्द से जल्द तकनीकी स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। सचिव ने सांसद को आश्वासन दिया कि सभी तकनीकी पहलुओं की गहन समीक्षा के बाद इस योजना को अविलंब स्वीकृति उपलब्ध कराई जाएगी।

किसानों के लिए बड़ा लाभ

यदि केंद्र से अंतिम मंजूरी मिल जाती है, तो पटमदा और बोड़ाम प्रखंडों में फैली हजारों एकड़ जमीन को स्थायी सिंचाई व्यवस्था मिलेगी। इससे न केवल किसानों की आय बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र में कृषि विस्तार और ग्रामीण विकास को नई दिशा भी मिलेगी।

सांसद महतो ने उम्मीद जताई कि जल्द ही यह योजना धरातल पर उतरेगी और पूर्वी सिंहभूम जिले के किसानों को लंबे समय से प्रतीक्षित सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

Exit mobile version