Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS :सांसद बिद्युत वरण महतो ने पाथरा और बेहेड़ा गांव में विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

जमशेदपुर।

ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से जमशेदपुर के सांसद बिद्युत वरण महतो ने शनिवार को बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पाथरा पंचायत के पाथरा एवं बेहेड़ा गांव में सांसद निधि से स्वीकृत विभिन्न विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों के लिए सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया।

पूजा-अर्चना के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान सांसद बिद्युत बरण महतो ने पाथरा गांव में ग्राम चौपाल निर्माण कार्य तथा बेहेड़ा गांव में सामुदायिक शेड निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया। इस मौके पर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विकास कार्यों की सफलता और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की गई।

ग्रामीण विकास को बताया प्राथमिकता

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गांवों में सामुदायिक भवन, ग्राम चौपाल और सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से गांवों में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी शहरों जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ सके।

जनभागीदारी से मिलेगा विकास को बल

सांसद महतो ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि विकास योजनाओं के संरक्षण और उनके उचित उपयोग की जिम्मेदारी समाज की भी है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना किसी भी विकास योजना का पूरा लाभ लोगों तक नहीं पहुंच सकता। इसलिए सभी ग्रामीण इन परिसंपत्तियों की देखभाल करें और उनका सदुपयोग सुनिश्चित करें।

ग्रामीणों ने जताया आभार

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए सांसद बिद्युत बरण महतो का आभार व्यक्त किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र में इसी तरह विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि गौरव पुष्टि, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल कांत सिंह, चिन्मय नायक, ग्राम प्रधान मिर्जा हांसदा, मोहन लाल हेंब्रम, सुशील पाईक, हाबल गिरि, मुक्ति पद गिरि, प्रबीर जाना, दिबाकर नायक, सत्य किंकर जाना, मदन महाकुड़, अमल महाकुड़, श्यामा पद गिरी, निमाई गिरि, मानस महाकुड़, साधु नायक सहित कई गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Exit mobile version