Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :विकास का नहीं, जनता को ठगने वाला बजट” — पोटका विधायक संजीव सरदार का केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार

जमशेदपुर। पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट को जनता के साथ छल बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकासोन्मुख नहीं, बल्कि आम लोगों की उम्मीदों को ठगने वाला बजट है।

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि जनता को उम्मीद थी कि सरकार कम से कम पुराने वादों को किसी नए रूप में सामने रखेगी, लेकिन बजट पूरी तरह खोखला साबित हुआ है। न तो पूर्व में किए गए वादों का कोई उल्लेख है और न ही आम जनता को राहत देने वाली कोई नई घोषणा।

उन्होंने कहा कि इस बजट में किसानों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है। खेती की बढ़ती लागत, सिंचाई और न्यूनतम समर्थन मूल्य जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह चुप है। इसी तरह मध्यम वर्ग, जो महंगाई और बेरोजगारी से सबसे अधिक प्रभावित है, उसे भी इस बजट से कोई राहत नहीं मिली।

विधायक ने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि न तो शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की कोई स्पष्ट योजना है और न ही सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कोई ठोस पहल की गई है।

संजीव सरदार ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों और भाषणों का खेल है, जिसका जमीनी हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है। सरकार ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उसे आम आदमी की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि जो दल विपक्ष में रहते हुए बड़े-बड़े वादे किया करते थे, वे सत्ता में आते ही जनता को भूल चुके हैं। विधायक ने दावा किया कि जनता इस बजट को पूरी तरह नकार रही है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से जरूर देगी।

Exit mobile version