Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS ;प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जमशेदपुर महानगर में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’, रंग-बिरंगी रौशनी से गुलजार रहा भाजपा का जिला कार्यालय

जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को जमशेदपुर महानगर में विभिन्न सेवा एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उनके जन्मदिन पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में, साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में महानगर अध्यक्ष संज‍ीव सिन्हा के नेतृत्व में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर सांसद विद्युत महतो समेत जिला पदाधिकारीगण मुख्यरूप से मौजूद रहे। इस दौरान दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की गई। इस विशेष दिन पर जिला कार्यालय परिसर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग रहा। वहीं, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, महानगर अध्यक्ष संज‍ीव सिन्हा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों पर दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की कामना की। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, आत्मनिर्भरता, सुशासन और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने कामना की कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा इसी गति और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ती रहे और देश विकसित भारत के संकल्प को शीघ्र साकार करें।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की यह यात्रा सेवा, सुशासन, राष्ट्रहित और जनकल्याण के प्रति निरंतर समर्पण का उदाहरण है। एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के रूप में 25 वर्षों की उनकी यात्रा देशवासियों और भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने, आतंकवाद एवं नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, परिश्रम और निरंतर सेवा की प्रेरणा देता है। जिन्होंने जनसेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम मानकर अपने सार्वजनिक जीवन को देशहित और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित किया है।

सांसद विद्युत महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सुशासन, आत्मनिर्भरता, आधारभूत संरचना, डिजिटल प्रगति और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। देश की वैश्विक प्रतिष्ठा भी मजबूत हुई है और भारत विकास की नई संभावनाओं के साथ पूरी मजबूती से आगे बढ़ रहा है। विद्युत महतो ने कहा कि नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष कर्तव्य, कर्मठता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण हैं। उनके जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर हम सभी उनके बेहतर स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हैं। उनके कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारत विकसित राष्ट्र के संकल्प की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहे।

वहीं, भाजपा महानगर अध्यक्ष संज‍ीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा कार्यकर्ता किसी उत्सव के रूप में नहीं बल्कि सेवा और संकल्प के अवसर के रूप में मना रहे हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से कार्यकर्ता समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक पहुंचकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प ले रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा और संगठन के कार्यों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटा है। आगामी दिनों में जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Exit mobile version