


जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान पीपुल्स एकेडमी में बुधवार को कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों के लिए उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स वेलकम समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, नैतिक मूल्यों और उत्कृष्ट प्रदर्शन के प्रति प्रेरित किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रदीप पाण्डेय एवं मुख्य अतिथियों राजदेव सिन्हा, एस.पी. सिंह, राम अवध सिंह, डॉ. वशीकुर रहमान और सोनाली सरकार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
स्वागत गीत और संबोधन ने बांधा समां
समारोह में उषा तिवरार ने मंगलाचरण, स्वागत गीत एवं समूह गान प्रस्तुत किया। कक्षा 12 की छात्रा कविता सिंह ने स्वागत भाषण देकर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा 12 के छात्र देवेंद्र और रोहित ने किया।
विद्यार्थियों को अनुशासन और परिश्रम का दिया संदेश
अपने संबोधन में प्रधानाध्यापक चंद्रदीप पाण्डेय और उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, कड़ी मेहनत और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और चरित्र निर्माण भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
इस अवसर पर शिक्षिका सुभमा प्रसाद ने भी अपने प्रेरणादायी विचारों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जीता दर्शकों का दिल
ओरिएंटेशन और फ्रेशर्स वेलकम समारोह के दौरान कक्षा 9 एवं 10 के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। झारखंड की जनजातीय संस्कृति पर आधारित आदिवासी नृत्य और बॉलीवुड नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के दौरान कुछ विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तकों का वितरण भी किया गया, जिससे छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम की संपूर्ण योजना, संचालन एवं व्यवस्थाओं का दायित्व बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों ने सफलतापूर्वक निभाया। समारोह के अंत में शिक्षिका रीना कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया और सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



