जमशेदपुर — झारखंड परिमंडल के डाक सेवा क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए भारत सरकार के निदेशक डाक सेवाएं श्री आर. वी. चौधरी ने शनिवार को सिंहभूम मंडल का दौरा किया। उन्होंने डाक जीवन बीमा (PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) के लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
यह बैठक आगामी 9 जुलाई 2025 को प्रस्तावित महा लॉगिन अभियान की तैयारी हेतु बुलाई गई थी। बैठक में सिंहभूम डाक मंडल के वरिष्ठ अधिकारी जैसे वरिष्ठ डाक अधीक्षक श्री उदयभान सिंह, वरीय डाकपाल श्री शंकर कुजूर, उप डाक अधीक्षक श्री सुधीर कुमार सहित कई अनुमंडल स्तरीय अधिकारी, सहायक अधीक्षक और निरीक्षक मौजूद थे।
निदेशक श्री चौधरी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि झारखंड परिमंडल को देश के शीर्ष डाक बीमा परिमंडलों में लाने के लिए समर्पण और मेहनत की आवश्यकता है। उन्होंने सभी डाककर्मियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें बीमा योजनाओं के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया और टीम भावना से कार्य करने को कहा।
इसके अतिरिक्त, निदेशक महोदय ने जमशेदपुर प्रधान डाकघर स्थित एकीकृत वितरण केंद्र (Integrated Delivery Centre) का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं और दैनिक कार्यों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं पर उन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही, पत्रों और पार्सलों की तेजी से निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
READ MORE :Jamshedpur News : पूर्व छात्र नेताओं का मिलन समारोह, छात्र राजनीति में सक्रियता की अपील
उन्होंने स्पष्ट किया कि डाक सेवाएं सिर्फ चिट्ठियों और पार्सलों तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि आज ये बीमा, बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी हैं। इसलिए इन सेवाओं की दक्षता और विश्वसनीयता बढ़ाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
अंत में, उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी महा लॉगिन अभियान के दौरान झारखंड परिमंडल पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा और डाक जीवन बीमा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा।