Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS :शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान मिलना झारखंड के लिए गौरव का विषय : दिनेश कुमार

जमशेदपुर।

भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा जमशेदपुर महानगर दिनेश कुमार ने झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन जी को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान प्रदान किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे झारखंड राज्य के लिए गौरव एवं सम्मान का क्षण बताया है।

उन्होंने कहा कि देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा शिबू सोरेन जी की धर्मपत्नी रूपी सोरेन जी को यह सम्मान प्रदान किया जाना न केवल उनके लंबे सार्वजनिक जीवन एवं सामाजिक योगदान का सम्मान है, बल्कि झारखंड की अस्मिता, संस्कृति और जनआंदोलनों को भी राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है।

दिनेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विचारधाराएं भिन्न हो सकती हैं, लेकिन जिन्होंने समाज, राज्य और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है, उनका सम्मान दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर किया जाना चाहिए। शिबू सोरेन जी ने झारखंड की पहचान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया, जिसे देश ने आज सम्मानित किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने की परंपरा को और मजबूत किया है। यह सम्मान उसी समावेशी सोच और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति आदर का प्रतीक है।

दिनेश कुमार ने शिबू सोरेन को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका संघर्षपूर्ण जीवन आने वाली पीढ़ियों को समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

Exit mobile version