
जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘टाटा टेक्निकल इंस्टीट्यूट’ का दौरा किया। चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान में छात्रों को दिए जा रहे विभिन्न आधुनिक कौशल प्रशिक्षणों का जायजा लिया और औद्योगिक जरूरतों के हिसाब से ट्रेनिंग को और अधिक व्यावहारिक बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
रोबोटिक्स और CNC मशीन की ट्रेनिंग देख गदगद हुआ चैम्बर
अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि संस्थान के प्रबंधन ने चैम्बर को भ्रमण के लिए आमंत्रित किया था। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने देखा कि यहां के छात्रों को बेहद आधुनिक और व्यवस्थित तरीके से इलेक्ट्रिकल पैनलिंग, सीएनसी (CNC) मशीन संचालन और रोबोटिक्स जैसे जटिल तकनीकी क्षेत्रों में पारंगत किया जा रहा है। केडिया ने कहा कि संस्थान का तीन वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को सीधे तौर पर उद्योगों की मांग के अनुरूप ‘कुशल तकनीशियन’ के रूप में तैयार कर रहा है।
झारखंड के अन्य जिलों में भी खुलें ऐसे सेंटर: मानव केडिया
चैम्बर अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि यदि जमशेदपुर की तर्ज पर राज्य के अन्य जिलों में भी ऐसे अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएं, तो झारखंड के उद्योगों को स्थानीय स्तर पर ही योग्य और दक्ष मानव संसाधन मिलने लगेंगे। इससे न केवल प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए दरवाजे खुलेंगे।
चैम्बर बनेगा सहयोगी, उद्योगों को सीधे मिलेंगे ‘ट्रेंड युवा’
भ्रमण के दौरान सिंहभूम चैम्बर ने टाटा टेक्निकल इंस्टीट्यूट के ‘सहयोगी’ (Partner) के रूप में काम करने की इच्छा जताई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना और उन्हें स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में प्लेसमेंट दिलाना है। वहीं, संस्थान के प्रबंधन ने बताया कि यहां के छात्र देश-विदेश की नामी कंपनियों में चुने जा रहे हैं। प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि वे समय-समय पर अपने कोर्सेज और पास आउट होने वाले छात्रों की जानकारी चैम्बर को देंगे, ताकि उद्योगपति अपनी जरूरत के हिसाब से युवाओं की सीधी भर्ती कर सकें।
भ्रमण के दौरान ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण दौरे में चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया के साथ मानद महासचिव पुनीत कावंटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया, मनोज गोयल, आकाश मोदी, प्रतीक अग्रवाल, पवन शर्मा, मुकेश मित्तल, प्रदीप अग्रवाल, रोहित केडिया, सुनील बागरोदिया, विशाल अग्रवाल और पंकज उपस्थित थे। टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से हेड (स्किल डेवलपमेंट) कैप्टन अमिताभ, लीड (डिसएबिलिटी) कुमार गौरव और मैनेजर (स्किल डेवलपमेंट) शिप्रा पाल सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का मार्गदर्शन किया।
