
जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत 18 एवं 20 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर दो दिवसीय विशेष सहायता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने, फॉर्म भरने, जमा करने, डिजिटाइजेशन तथा मैपिंग संबंधी सहायता प्रदान की गई। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।
मानपीटा, घोड़ाबांधा और बर्मामाइंस के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
विशेष सहायता शिविर के अंतिम दिन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने मानपीटा, घोड़ाबांधा एवं बर्मामाइंस क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन और मतदाताओं को दी जा रही सहायता की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
23 जुलाई तक हर हाल में जमा करें इन्यूमरेशन फॉर्म
जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से भरकर हस्ताक्षर सहित अपने संबंधित बीएलओ (BLO) को जमा नहीं कराया है, वे 23 जुलाई 2026 तक हर हाल में इसे जमा कर दें।
उन्होंने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं के लिए इन्यूमरेशन फॉर्म पहले ही बीएलओ के माध्यम से घर-घर उपलब्ध कराया जा चुका है। समय पर फॉर्म जमा होने से डिजिटाइजेशन प्रक्रिया तेजी से पूरी होगी और मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन का कार्य भी निर्धारित समय पर संपन्न होगा।
मतदाता सहयोग से ही सफल होगा SIR-2026 अभियान
राजीव रंजन ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता प्रत्येक पात्र मतदाता के सहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और 23 जुलाई से पहले ही अपना फॉर्म संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करा दें।
निरीक्षण के दौरान अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर और बड़ी संख्या में मतदाता मौजूद रहे।
