


Jamshedpur.जमशेदपुर के सीदगोड़ा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में उसके ससुराल में फंदे से लटका हुआ मिला. मृतका की पहचान 32 वर्षीय स्नेहा श्रीवास्तव के रूप में हुई. घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग बेटी के ससुराल पहुंचे.वहां उसके शव को फंदे से उतारकर टाटा मेन अस्पताल ले गए. घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
स्नेहा के मायके पक्ष के लोगों में आक्रोश है. उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है और उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है. स्नेहा के भाई अभिषेक श्रीवास्तव ने सिदगोड़ा थाने में दहेज प्रताड़ना का मामला भी दर्ज कराया है. केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने मृतका के पति निखिल श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
ससुराल पक्ष पर केस दर्ज
इस मामले में मृतका के भाई अभिषेक श्रीवास्तव ने सिदगोड़ा थाना में पति निखित श्रीवास्तव,ससुर गुप्तेश्वर प्रसाद,गोविंदपुर अश्विनी चौक के पास रहने वाली ननद सोनी कुमारी और ननदोसी सोनू कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिये प्रेरित करने का केस दर्ज कराया है.
टाटा स्टील में पदाधिकारी है पति निखिल श्रीवास्तव
मृतका के भाई ने बताया कि 8 साल पहले स्नेहा की शादी टाटा स्टील के पदाधिकारी निखिल श्रीवास्तव से हुई थी. शादी के बाद से ही स्नेहा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वालों के द्वारा दहेज की मांग की जा रही थी. विशेष रूप से फ्लैट के लिए 20 लाख रुपये न देने पर उसे प्रताड़ना का शिकार बनाया गया.



