Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS : बोड़ाम प्रखंड में लगा स्पेशल ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, 132 आवेदकों को मौके पर ही मिला लर्नर लाइसेंस

जमशेदपुर। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर आम नागरिकों को प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बोड़ाम प्रखंड कार्यालय परिसर में ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर आयोजित किया गया, जहां 175 आवेदकों ने आवेदन किया। इनमें से 132 आवेदकों को सभी निर्धारित प्रक्रिया और परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित हुआ शिविर

राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस शिविर का संचालन जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) दिलीप कुमार के नेतृत्व में किया गया। जिन आवेदकों के दस्तावेज अधूरे थे या निर्धारित मानकों की पूर्ति नहीं हो सकी, उनके आवेदनों पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

2 जुलाई से सभी प्रखंडों और पंचायतों में चल रहे हैं शिविर

जिला प्रशासन के अनुसार 2 जुलाई 2026 से जिले के सभी प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को उनके घर के नजदीक ही लाइसेंस संबंधी सुविधा उपलब्ध कराना है।

सफल अभ्यर्थियों को वितरित किए गए लर्नर लाइसेंस

शिविर के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रखंड प्रमुख, मोटरयान निरीक्षक निशांत कुमार महतो एवं ईश्वर लाल साव ने सफल अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस प्रदान किए।

सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान सभी आवेदकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। सुरक्षित और जिम्मेदार वाहन संचालन का संदेश देते हुए सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट और बुकलेट भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की टीम भी मौजूद रही।

Exit mobile version