Lahar Chakra

Jamshedpur News :दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर जमशेदपुर पहुंचे प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, बोले- कार्यकर्ताओं के सुझाव प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाए जाएंगे

जमशेदपुर। झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही अपने दो दिवसीय जमशेदपुर प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। सोमवार को उन्होंने भाजपा जमशेदपुर महानगर की विभिन्न बैठकों में भाग लेकर संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की। बिष्टुपुर स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं मोर्चा जिलाध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, आगामी कार्यक्रमों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी बबन गुप्ता भी मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और उनके सुझाव, अनुभव एवं भावनाओं का सम्मान भाजपा की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से प्राप्त सुझावों और उनकी समस्याओं को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा, जिससे संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं जनोन्मुख बनाया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं के अनुरूप संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

इस दौरान भानु प्रताप शाही ने पूर्व जिलाध्यक्षों, पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों, पूर्व जिला पदाधिकारियों एवं निवर्तमान मंडल अध्यक्षों के संग अलग से बैठक कर संगठन की जमीनी स्थिति, अनुभव एवं विभिन्न विषयों पर उनके सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव संगठन की अमूल्य पूंजी है, जिसका लाभ लेकर भाजपा जनसेवा और संगठन विस्तार के अपने अभियान को और गति देगी।

बैठक में जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बीते एक माह के दौरान जिले में संपन्न विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आगामी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और समर्पण के बल पर भाजपा महानगर जनहित एवं संगठन हित में निरंतर कार्य कर रही है।

जिला प्रभारी बबन गुप्ता ने जिले में सफलतापूर्वक आयोजित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए एसआईआर से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और आवश्यक संगठनात्मक तैयारियों एवं रणनीतियों पर अपने विचार साझा किए।

वहीं, संध्याकाल में भानु प्रताप शाही ने मानगो स्थित एक होटल में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और उनके विचारों को सुना।

अपने प्रवास के दूसरे दिन भानु प्रताप शाही मंगलवार सुबह विचार परिवार के वरिष्ठजनों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, सीतारामडेरा एवं गोलमुरी मंडल में प्रवास के दौरान बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा करेंगे।

Exit mobile version