Lahar Chakra

Jamshedpur News :मानगो बस स्टैंड में स्लीपर बसों पर सख्ती, 17 बसों पर कार्रवाई

जमशेदपुर।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए मानगो बस स्टैंड में स्लीपर बसों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान AIS–052 एवं AIS–119 के तहत निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच पर केंद्रित रहा।

संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण

अभियान का संचालन जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार एवं मोटरयान निरीक्षक सूरज हेम्ब्रम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। टीम ने स्लीपर बसों में संरचनात्मक सुरक्षा, आपात उपकरण, फायर सेफ्टी और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की गहन जांच की।

17 बसों में नियमों का उल्लंघन

जांच के दौरान कुल 17 स्लीपर बसों में निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया। ऐसे मामलों में संबंधित बस मालिकों एवं संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

नोटिस जारी, सुधार के निर्देश

अभियान के दौरान सभी बस मालिकों व संचालकों को नए प्रावधानों के तहत नोटिस जारी कर निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों को निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप शीघ्र दुरुस्त करें। निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुपालन नहीं करने पर विधिसम्मत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा एवं नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Exit mobile version