
जमशेदपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के दौरान फर्जी या अनधिकृत दस्तावेज बनवाने वाले नागरिकों और ऐसे कार्यों में शामिल व्यक्तियों एवं गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने इस संबंध में जिले के मतदाताओं को सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के फर्जी दस्तावेज तैयार कराने से बचने की अपील की है।
फर्जी वेबसाइटों के जरिए दस्तावेज बनाने वाले गिरोह सक्रिय
जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजीव रंजन ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के दौरान देश के कई जिलों में फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से जन्म प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोहों के सक्रिय होने के मामले सामने आए हैं। ऐसे गिरोह आम नागरिकों को भ्रमित कर अवैध तरीके से दस्तावेज तैयार कराने का प्रयास कर सकते हैं।
एसआईआर प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों की पड़ सकती है आवश्यकता
उन्होंने कहा कि वर्तमान में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान मतदाताओं को विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्रों और दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ सकती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व और साइबर गिरोह फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से लोगों को ठगने और अवैध दस्तावेज तैयार करने का प्रयास कर सकते हैं।
मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी परिस्थिति में फर्जी या अनधिकृत दस्तावेज न बनवाएं और न ही किसी के बहकावे में आकर ऐसा करने का प्रयास करें। उन्होंने नागरिकों से केवल अधिकृत सरकारी पोर्टल और निर्धारित प्रक्रियाओं के माध्यम से ही आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने की सलाह दी।
दोषियों के खिलाफ होगी त्वरित कानूनी कार्रवाई
श्री राजीव रंजन ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति, संस्था या गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार करने या कराने में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रख रहा है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
