जमशेदपुर |
शहर में लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोहम्मद मंजर के नेतृत्व में साकची स्थित खालसा होटल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान होटल परिसर की स्वच्छता, खाद्य भंडारण की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, फूड हैंडलर्स के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र एवं फूड सेफ्टी लाइसेंस की वैधता जैसे मानकों की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण में कुछ कमियों की पहचान की गई, जिस पर संचालक को तत्काल सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारी ने बताया कि होटल में प्रयुक्त मंचूरियन, फ्राइड राइस और गुलाब जामुन जैसे खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
यदि जांच में कोई भी नमूना अमानक, मिलावटी या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे औचक निरीक्षण पूरे जिले में आगे भी जारी रहेंगे ताकि खाद्य सुरक्षा के मानकों को मजबूत किया जा सके और जनस्वास्थ्य से कोई समझौता न हो।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी होटल, रेस्टोरेंट व फास्ट फूड संचालकों से अपील की है कि वे साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और वैध लाइसेंस जैसे नियमों का पूरी तरह पालन करें, अन्यथा कार्रवाई तय है।