


JAMSHEDPUR ।
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के 29 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। राष्ट्रपति का यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण और उच्चस्तरीय प्रोटोकॉल से जुड़ा हुआ है, जिसे देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।
जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त ब्रीफिंग
राष्ट्रपति दौरे की तैयारियों के क्रम में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय की संयुक्त अध्यक्षता में जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रोटोकॉल और समयबद्धता पर विशेष जोर
ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति का कार्यक्रम सर्वोच्च संवैधानिक पद से जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा, प्रोटोकॉल और समयबद्धता में किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल, रूट लाइन, एयरपोर्ट/हेलिपैड, आवास स्थल, सभा स्थल, पार्किंग व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को प्रोटोकॉल के अनुरूप सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत रूट लाइन क्लियरेंस, एंटी-सबोटाज जांच, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक कंट्रोल, रूट डायवर्जन, पास व्यवस्था और इंटेलिजेंस इनपुट को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम, क्विक रिस्पॉन्स टीम और मेडिकल इमरजेंसी यूनिट को पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा।
आम जनता को होगी न्यूनतम असुविधा
प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि राष्ट्रपति दौरे के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो। इसके लिए यातायात प्रबंधन एवं वैकल्पिक मार्गों की जानकारी मीडिया के माध्यम से पहले ही सार्वजनिक की जाएगी।
रूटलाइन और स्थलों का निरीक्षण
ब्रीफिंग से पूर्व जिला के वरीय पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, एयरपोर्ट एवं पूरे रूटलाइन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




