
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा शुक्रवार को मानगो स्थित एसबीएम उच्च विद्यालय में बच्चों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, राष्ट्र निर्माण की भावना तथा विकसित भारत के संकल्प को प्रोत्साहित करना था
इस प्रतियोगिता में 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को दो वर्गों में विभाजित किया गया था। जूनियर ग्रुप में कक्षा पांचवीं, छठी एवं सातवीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया और सीनियर ग्रुप में कक्षा आठवीं, नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों ने अपने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जूनियर ग्रुप के प्रतिभागियों को ‘2014 से 2026 तक के बारह वर्षों में भारत का विकास’ विषय दिया गया था, जबकि सीनियर ग्रुप के विद्यार्थियों ने ‘मिशन 2047- विकसित भारत का सपना’ विषय पर अपनी कल्पनाओं को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रगति, आधारभूत संरचना के विकास, आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित राष्ट्र के संकल्प को अपने चित्रों में उकेरा।
प्रतियोगिता के समापन पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरुस्कृत किया। उन्होंने सभी बच्चों की रचनात्मक कौशल एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच, रचनात्मकता और भविष्य के भारत के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा का संचार करते हैं।
प्रतियोगिता के परिणामों में जूनियर ग्रुप में नव्या बालमुचू ने प्रथम, अंशिका शर्मा ने द्वितीय तथा रिश्मी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर ग्रुप में रिया दास प्रथम, हिमांशु मुखर्जी द्वितीय एवं अनुष्का कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर भाजपा के जिला मंत्री तन्मय झा समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की मौजूदगी रही।
