
JAMSHEDPUR : शुक्रवार को जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज में आईक्यूएसी और केमिस्ट्री विभाग के सहयोग से इंस्टिट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल एंड अकादमिक रिसर्च (IIAR) द्वारा “हैंड्स ऑन ट्रेनिंग ऑन थिन लेयर क्रोमैटोग्राफी (TLC)” विषयक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. अमर सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत में आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. नीता सिन्हा ने थिन लेयर क्रोमैटोग्राफी की मूल बातें और इसके वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात् इंस्टिट्यूट की संस्थापक डॉ. आरती महतो ने क्रोमैटोग्राफी के सिद्धांतों और प्रयोगशाला में इसके अनुप्रयोगों पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों को यह समझाया कि कैसे इस तकनीक का उपयोग रासायनिक मिश्रणों की पृथक्करण प्रक्रिया में किया जाता है।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा था डॉ. फरज़ाना द्वारा आयोजित प्रायोगिक सत्र। उन्होंने छात्रों को थिन लेयर क्रोमैटोग्राफी का प्रयोग करते हुए एस्पिरिन के प्रिपरेशन का पूरा प्रोसेस प्रदर्शित किया। इस प्रयोगात्मक प्रदर्शन ने छात्रों में उत्साह और रुचि पैदा की और उन्हें प्रयोगशाला में सैद्धांतिक ज्ञान को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान किया।
वर्कशॉप में उपस्थित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारियों में डॉ. अमर कुमार, डॉ. विष्णु शंकर, डॉ. अनुपम, डॉ. अनीता, डॉ. संगीता, डॉ. मधुसूदन महतो सहित कई अन्य शिक्षक और स्टाफ शामिल थे। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन केमिस्ट्री विभाग के प्रमुख डॉ. राजेश कुमार ने दिया। वहीं, मंच संचालन डॉ. स्वाति वत्स ने पूरी कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित किया।
इस वर्कशॉप के माध्यम से छात्रों ने न केवल क्रोमैटोग्राफी की तकनीकी जानकारी प्राप्त की, बल्कि प्रयोगशाला में इसे प्रयोगात्मक रूप से करने का अनुभव भी हासिल किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक रसायन विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना और उन्हें प्रयोगशाला तकनीकों में दक्ष बनाना था।
