जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब समेत पुलिस, प्रशासन, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत, परिवहन और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा पंडालों और प्रमुख स्थलों पर भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास की व्यवस्था, आपातकालीन मार्ग तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन की बनेगी कार्ययोजना
प्रमुख पूजा पंडालों, मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात सुचारु रखने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। पार्किंग स्थलों का निर्धारण, वैकल्पिक मार्ग और जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन के साथ एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन वाहनों के परिचालन में बाधा न आए।
नगर निकायों को पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, कचरा उठाव, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
विद्युत सुरक्षा और आग से बचाव पर जोर
विद्युत विभाग और संबंधित कंपनियों को पूजा पंडालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। खुले और असुरक्षित तारों की जांच कर संभावित जोखिम को तत्काल दूर करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया।
प्रमुख पूजा स्थलों पर अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने को कहा गया। अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं को भी जरूरत के अनुसार अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया।
विसर्जन रूट में बदलाव नहीं होगा
उपायुक्त ने पूजा समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और पुलिस-प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान निर्धारित रूट का विचलन नहीं होना चाहिए। विसर्जन घाटों पर पूजा समितियों की ओर से वॉलंटियर तैनात करने को कहा गया, ताकि पुलिस-प्रशासन को आवश्यक सहयोग मिल सके।
नगर निकायों और जुस्को प्रबंधन को विसर्जन घाटों की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। सभी संबंधित विभागों को पूजा अवधि में सतत निगरानी रखते हुए अपनी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा गया।

ψ


