Jamshedpur. जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इंटर-कॉलेज स्पोर्ट्स फेस्ट 2026 में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक्सएलआरआई के साथ संयुक्त रूप से पुरुष ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। शैक्षणिक वर्ष की इस पहली बड़ी ट्रॉफी को जीतने में संस्थान के 63 सदस्यीय दल की कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट अनुशासन का बड़ा योगदान रहा।

प्रतियोगिता के दौरान एनआईटी जमशेदपुर की सभी टीमों ने शानदार खेल दिखाते हुए कम-से-कम सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।इस महाकुंभ में संस्थान की पुरुष बास्केटबॉल, टेबल टेनिस और वॉलीबॉल टीमों ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि पुरुष बैडमिंटन तथा महिला टेबल टेनिस और वॉलीबॉल टीमों ने रजत पदक हासिल किए।

इसके अलावा, पुरुष फुटसल और महिला बास्केटबॉल टीमों ने भी सेमीफाइनल तक पहुँचकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस ऐतिहासिक सफलता पर निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने सभी विजयी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण और टीम भावना की जमकर सराहना की।

