
Jamshedpur.आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर सोमवार को मानगो थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानगो थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य, सिटी मैनेजर, एसडीएम अर्णव मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए एंबुलेंस समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सोशल मीडिया पर अफवाह या गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। साथ ही पूजा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। अधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों ने आपसी समन्वय के साथ दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया।


