


Jamshedpur. चांडिल के होटल टेंथ माइल स्टोन परिसर में कारोबारी निखार सबलोक की हत्या में पुलिस ने बिहार के आरा जिले से एक शूटर को गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं कर रही है। अबतक मामले में आठ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस ने उस कार का भी पता लगा लिया है, जिससे हत्या के बाद हमलावर फरार हुए थे। कार सिंटू सिंह के करीबी सुनील रजक की है। पुलिस ने सिंटू सिंह और सुनील रजक की गिरफ्तारी के लिए भी कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन दोनों का पता नहीं चल पाया।
चांडिल के एक होटल में हुए कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के बाद पुलिस ने अशोक सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पुलिस चांडिल थाना में अशोक सिंह से पूछताछ कर रही थी शनिवार को अचानक पुलिस कस्टडी में अशोक सिंह की तबियत बिगड़ गई जिसके बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार अशोक सिंह का ब्लड प्रेशर डाउन हो गया था। हालांकि अब उसकी स्थिति में सुधार है।

