


Jamshedpur. चर्चित डीडी बार एंड कैफे हत्याकांड में गिरफ्तार बार संचालक नीरज सिंह को बुधवार को पुलिस मेडिकल जांच के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में आवश्यक चिकित्सीय जांच पूरी होने के बाद उसे अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अदालत में नीरज सिंह की पुलिस रिमांड की अर्जी दाखिल की जाएगी। यदि अदालत अनुमति देती है तो उससे हत्या की साजिश, घटना से पहले और बाद की गतिविधियों तथा मामले में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। जांच टीम की योजना मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा और नीरज सिंह से आमने-सामने पूछताछ करने की भी है, ताकि हत्याकांड से जुड़े सभी तथ्यों की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टूपुर स्थित डीडी बार एंड कैफे के बाहर करणी सेना के जिला युवा अध्यक्ष हिमांशु सिंह की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मामले में विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा मुख्य आरोपी है, जिसने बुधवार को अदालत में आत्मसमर्पण किया है। अब पुलिस दोनों आरोपियों की रिमांड लेकर पूरे घटनाक्रम और साजिश की तह तक पहुंचने की तैयारी में जुटी है।



