
Jamshedpur, चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के सिलसिले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त अशोक सिंह राघव के सोनारी स्थित न्यूज़ 26 पोर्टल के कार्यालय और आवास पर एक साथ छापेमारी की. चांडिल, चौका, सोनारी और बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान पुलिस को कई डिजिटल साक्ष्य हाथ लगने की जानकारी सामने आई है, जिन्हें हत्याकांड की जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान बरामद डिजिटल सामग्री की जांच की जा रही है. पुलिस को अशोक सिंह राघव के संपर्क में रहने वाले कुछ ब्यूरोक्रेट, पत्रकारों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों के बीच कथित संपर्क से संबंधित जानकारी और साक्ष्य मिलने की भी बात कही जा रही है. पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
अशोक सिंह राघव के जमशेदपुर के विभिन्न अखबारों, न्यूज चैनलों और पोर्टल से जुड़े पत्रकारों के साथ संपर्क रहे हैं. इसके अलावा ब्यूरोक्रेट और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के साथ उसके पुराने संपर्क की भी पुलिस जांच कर रही है.
निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस अब तक एक दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पुलिस की जांच में कथित तौर पर कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं. इनमें ब्यूरोक्रेट, पत्रकार और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों के नाम शामिल होने की बात कही जा रही है. हालांकि, इनकी भूमिका की पुष्टि के लिए पुलिस साक्ष्य जुटा रही है.
छापेमारी की कार्रवाई के दौरान सोनारी स्थित न्यूज चैनल के कार्यालय और आवास में अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस टीम ने डिजिटल उपकरणों और अन्य सामग्रियों की जांच की. बरामद सामग्री के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई की तैयारी में है.
