


Jamshedpur. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बंगाल से दूसरे राज्यों में आलू नहीं भेजने का आदेश दिया है. इसके बाद बंगाल से लगे झारखंड और ओडिशा सीमा पर वाहनों की लंबी लाइन लग गयी है. बंगाल पुलिस आलू लदे प्रत्येक वाहन की तलाशी ले रही है. उन्हें दूसरे राज्यों में जाने की अनुमति नहीं देकर लौटा दिया जा रहा है. झारखंड में पश्चिम बंगाल से आलू आना बंद हो गया है. आलू से लदे सैकड़ों ट्रक बंगाल सीमा के पास खड़े हैं, क्योंकि बुधवार रात से वाहनों को अंतरराज्यीय सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी गई है. इनमें से कई ट्रक अपने मूल स्थान पर लौट आए हैं क्योंकि आलू खराब हो सकते हैं. व्यापारियों ने कहा कि पहले ओडिशा के बाजारों में 30 रुपये से 33 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा आलू अब खुदरा बाजारों में 40 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है. उन्होंने कहा कि अगर आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आलू की कीमतें और बढ़ सकती हैं. मामले में झारखंड चेंबर ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की मांग की है. सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने सीएम और गवर्नर को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने की मांग की है.



