


Jamshedpur. पोटका विधायक संजीव सरदार ने मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के डीसी कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात की. विधायक ने पोटका में डिग्री व पॉलिटेक्निक कॉलेज के लिए चिह्नित जमीन जल्द विभाग को ट्रांसफर करने के लिए डीसी से अनुरोध किया. विधायक ने डीसी बताया कि पिछले पोटका विधानसभा में बारिश में सैकड़ों मिट्ठी की घर गिरे, व हजारों घर क्षतिग्रस्त हुए है, उसका आकलन कर प्रभावित परिवार को जल्द मुआवजा दिलाया जाये. उन्होंने बताया कि बारिश का मौसम अभी बचा हुआ है, इस कारण बारिश मौसम में ऐसे परिवार के लिए उचित उपाय भी किये जाये.
इसके साथ ही, उन्होने यूसिल विस्थापित पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा, पुनर्वास और हर महीने मेडिकल कैंप लगाकर स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की मांग भी की. उन्होंने कहा कि इन परिवारों को उनके अधिकार मिलना बेहद जरूरी है और जिला प्रशासन को इस दिशा में प्राथमिकता से कार्य करना चाहिए.
विधायक ने हाल की भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और ग्रामीणों के आवासों की शीघ्र मरम्मत के लिए भी प्रशासन को निर्देशित किया. उन्होंने कहा कि प्रभावित सड़कों और मकानों की सूची बनाकर जल्द से जल्द काम शुरू किया जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके. यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से विधायक ने करनडीह चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट लगाने की भी मांग रखी. उन्होंने कहा कि आए दिन इस क्षेत्र में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आमजन को काफी परेशानी होती है.
इसके अतिरिक्त, हल्दीपोखर में एक पुलिस टीओपी की स्थापना की मांग भी विधायक ने की, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत हो सके और स्थानीय लोगों को बेहतर सुरक्षा मिल सके. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समुचित कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया.



