
Jamshedpur. साकची थाना क्षेत्र में 19 जून की रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध देशी पिस्टल, मैगजीन और एक खोखा भी बरामद किया है। घटना 19 जून की रात करीब 10 बजे बंगाल क्लब रोड स्थित अभिषेक जुबली चाय दुकान के पास हुई थी। फायरिंग की सूचना मिलने के बाद साकची थाना में बीएनएस की धारा 109, 308(4) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने घटनास्थल से 7.65 एमएम का एक खोखा भी बरामद किया था। सोमवार को सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले के खुलासे के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
पुलिस ने मुख्य आरोपी विपिन शुक्ला (28) को 21 जून को हाथीघोड़ा मंदिर के समीप से गिरफ्तार किया। आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र के दुईलाडुंगरी का निवासी है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद वह फरार चल रहा था और अपने पैतृक गांव उत्तर प्रदेश के भदोही भागने की तैयारी में मानगो बस स्टैंड की ओर जा रहा था, तभी उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर स्वर्णरेखा नदी किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक अवैध देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने बंगाल क्लब रोड के दुकानदारों में दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फा*यरिंग की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
