जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान जमीन विवाद, भूमि अभिलेख से नाम हटाने, विधवा पेंशन नहीं मिलने और बैंक खाता खुलवाने जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं।
नागरिकों ने उपायुक्त को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की। कुछ आवेदकों ने निर्धारित शुल्क माफ करने से संबंधित मांग भी रखी। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश
उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित पदाधिकारियों से कहा कि प्राप्त आवेदनों की जांच कर शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने समस्याओं के समाधान में नियमों का पालन करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। प्रशासन का प्रयास है कि शिकायतों को सुनकर उनके निराकरण की दिशा में जरूरी कार्रवाई की जाए।
