


Jamshedpur. जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी राहुल दुबे ने शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे बिष्टुपुर थाना में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल दुबे ने थाना परिसर में हाथ ऊपर कर आत्मसमर्पण किया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी बीच उसने स्वयं थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस राहुल दुबे से हत्या की साजिश, घटना में शामिल अन्य आरोपियों और वारदात से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस अब तक बार संचालक नीरज सिंह समेत 12 आरोपियों को पकड़ चुकी है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पुलिस काफी समय से राहुल दुबे की तलाश कर रही थी और अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। राहुल दुबे के सरेंडर को जांच में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।


