


Jamshedpur. बंगाल की खाड़ी से उठे कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूरे दक्षिणी झारखंड में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. जमशेदपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में अगले तीन से चार दिनों तक रुक-रुक कर तेज बारिश होती रहेगी. इस दौरान कहीं-कहीं पर बिजली गिरने और जलभराव की भी स्थिति बन सकती है. बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में पानी भरने लगा है, जिससे सड़कें जलमग्न हो गई हैं और यातायात भी प्रभावित हुआ है.
साकची, बिष्टुपुर, गोलमुरी, कदमा, मानगो जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. इस बारिश से गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन अगले कुछ दिन जमशेदपुर के लिए चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं. लोगों से अपील है कि वे प्रशासन और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें और खुद को व अपने परिवार को सुरक्षित रखें. बहुत जरूरी ना हो तो खराब मौसम में घर से बाहर ना निकलें और निकलें तो सभी इंतजाम करने के बाद ही. बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का खास ख्याल रखें.
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की ओर से जारी येलो अलर्ट में कहा गया है कि अगले 72 घंटों तक तेज बारिश के आसार बने रहेंगे. लोगों को सलाह दी गई है कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें. अगर निकलना जरूरी हो तो छाता या बरसाती साथ रखें, क्योंकि मौसम का मिजाज कब बदल जाए, कहना मुश्किल है.
लगातार बारिश की वजह से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति में बाधा देखने को मिल रही है. वहीं मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की रफ्तार भी प्रभावित हो रही है. प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी की घोषणा तो नहीं की है, लेकिन अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को सुरक्षित साधन से ही स्कूल भेजें.



