Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur : दुष्कर्म का आरोपी एक साल बाद गिरफ्तार, पूर्व भाजपा नेता है जगजीत सिंह

जमशेदपुर: सीतारामडेरा के रहने वाले भाजपा के पूर्व नेता जगजीत सिंह उर्फ सोनू को गोलमुरी पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया. एक साल पहले गोलमुरी थाना में एक महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद से ही वह फरार चल रहा था.शनिवार को गोलमुरी पुलिस और सीतारामडेरा पुलिस ने जगजीत के आवास पर छापा मारा. पुलिस ने पहले इश्तेहार चिपकाकर उसे आत्मसमर्पण करने का आग्रह किया. जब उसने सरेंडर नहीं किया, तो पुलिस ने कुर्की की चेतावनी दी. कुछ समय बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

पीड़िता, जो टुइलाडुंगरी की 46 वर्षीय विवाहित महिला है, ने गोलमुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. महिला का कहना था कि जगजीत सिंह सोनू ने उसकी अश्लील तस्वीरें भी वायरल कर दी थीं. उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाया और फिर दुष्कर्म किया.

महिला ने पुलिस को बताया कि जगजीत सिंह सोनू अक्सर उनके घर कपड़े सिलवाने आता था. एक दिन उसने पैसे की मांग की, जिसके बाद महिला ने उसे दो किस्तों में एक लाख रुपये दे दिए. बाद में जब महिला ने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे होटल बुलाया, जहां उसने तीन चेक दिए और नाश्ता एवं कोल्ड ड्रिंक पिलाया. महिला ने जब कोल्ड ड्रिंक पी, तो उसे नशा सा महसूस होने लगा और फिर आरोपी ने बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया.

Exit mobile version