Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन ने विधायक सरयू राय से की मुद्दे को विधानसभा सत्र में उठाने की मांग

Jamshedpur. जमशेदपुर में छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार को संगठन के जिला सचिव मुकेश रजक के नेतृत्व में एक छात्र प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय से मुलाकात की। इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालयों में चल रहे विलंबित सत्र की समस्या को लेकर उन्हें एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा और इस मुद्दे को आगामी झारखंड विधानसभा सत्र में मजबूती से उठाने का आग्रह किया।प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को अवगत कराया कि नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद से शैक्षणिक सत्र 2022-26 और 2023-27 के छात्र-छात्राओं को भारी अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है।

समय पर परीक्षा न होने और परिणामों में अत्यधिक देरी के कारण हजारों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। इसके चलते छात्र न तो अगली कक्षाओं में समय पर नामांकन ले पा रहे हैं और न ही प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन करने के योग्य बच रहे हैं। छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस शैक्षणिक कुप्रबंधन के कारण छात्रों पर मानसिक और आर्थिक दबाव निरंतर बढ़ रहा है।विधायक सरयू राय ने छात्रों की व्यथा को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे छात्रहित में इस विषय पर सकारात्मक पहल करेंगे।

उन्होंने संबंधित विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार से इस संबंध में जवाबदेही तय करने की बात कही। इस अवसर पर मुख्य रूप से रंजन यादव और आमिर खान सहित कई छात्र कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version