


Jamshedpur. बोड़ाम थाना अंतर्गत बोंटा माधवपुर सातनाला मुख्य सड़क पर सोमवार शाम बड़ा हादसा सामने आया. यहां बस और पिकअप वैन की जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, इस घटना में किसी भी यात्री या चालक को गंभीर चोट नहीं लगी. स्थानीय लोगों ने बताया कि सोमवार को पटमदा मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी. इसी वजह से धनबाद जाने वाली लंबी दूरी की एक बस जमशेदपुर से बोड़ाम मार्ग होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा रही थी. दूसरी ओर से एक पिकअप वैन जमशेदपुर की दिशा में आ रही थी.
केंदडीह स्थित टर्निंग पॉइंट पर दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा. हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. लोगों ने बताया कि यदि टक्कर के समय दोनों वाहनों की रफ्तार और तेज होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल किसी के भी घायल न होने से लोगों ने राहत की सांस ली.



