


Jamshedpur. साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत कोर्ट मोड़ के पास शनिवार सुबह टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. टैंकर के पलटने से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क किनारे पलटे टैंकर को देखा और तत्काल इसकी सूचना साकची थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस के अनुसार टैंकर पूरी तरह खाली था, इसी कारण किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई.
हालांकि टैंकर के सड़क पर पलट जाने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन की मदद से टैंकर को सड़क से हटवाने की प्रक्रिया शुरू की. टैंकर हटते ही कुछ ही देर में यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई.
घटना के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही के कारण टैंकर के पलटने की आशंका जताई जा रही है. चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है. साथ ही, क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.



