

जमशेदपुर, 16 सितंबर 2026। शहर में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर धालभूम अनुमंडल कार्यालय में सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा ने की। इसमें शहर में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की समीक्षा करते हुए ब्लैक स्पॉट और Accident Prone Zones पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। आवश्यकता के अनुसार यातायात संकेतक, रोड मार्किंग, स्पीड लिमिट साइनेज सहित अन्य सड़क सुरक्षा सुविधाओं को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थानों पर मौजूद कमियों की पहचान कर उनके समयबद्ध निराकरण की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
शहरी क्षेत्र में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ट्रैफिक सिग्नल का उल्लंघन, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने तथा अनधिकृत पार्किंग जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
एसडीओ ने संबंधित पदाधिकारियों को यातायात नियमों के अनुपालन के लिए आवश्यकतानुसार संयुक्त निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाने का निर्देश दिया।
प्रमुख मार्गों और जंक्शनों की व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों और जंक्शनों पर ट्रैफिक फ्लो, पार्किंग व्यवस्था, सड़क किनारे अतिक्रमण, भारी वाहनों की आवाजाही तथा पीक आवर में बढ़ने वाले यातायात दबाव की समीक्षा की गई।
यातायात के सुचारु संचालन के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को चिन्हित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इंजीनियरिंग, एनफोर्समेंट और जागरूकता पर जोर
एसडीओ अर्नव मिश्रा ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए Engineering, Enforcement, Education और Emergency Response के समन्वित दृष्टिकोण के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने आम लोगों में यातायात नियमों को लेकर जागरूकता बढ़ाने और वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, मोटरयान निरीक्षक (MVI), जुस्को, ट्रांसपोर्ट एवं ऑटो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

