Jamshedpur. फैशन इंडस्ट्री में करियर बनाने और मॉडलिंग की दुनिया में पहचान दिलाने का सपना दिखाकर बच्चों और युवाओं से हजारों रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। सना डिजाइनर की ओर से आयोजित ‘डिवा एंड डिवो एनेवी सीजन-3’ रैंप वॉक कार्यक्रम रविवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-33 स्थित होटल वेब इंटरनेशनल में आयोजित किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए प्रतिभागियों से तीन-तीन हजार रुपये लिए गए थे। लेकिन कार्यक्रम के दौरान होटल का बकाया भुगतान नहीं होने के कारण आयोजन बीच में ही रोकना पड़ा। होटल प्रबंधन ने लाइट बंद करवा दी, जिससे क्राउन सेरेमनी समेत कार्यक्रम की दूसरी गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।

आयोजन में बच्चों के लिए ब्रांड एंबेसडर चयन, फोटो शूट, प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट की मदद से रैंप वॉक की तैयारी और डिजाइनर आउटफिट में मंच पर उतरने का अवसर देने की बात कही गई थी। प्रतिभागियों को रैंप वॉक कराने के साथ सभी को सैश वाली पट्टी और टॉप-3 प्रतिभागियों को क्राउन व ट्रॉफी देने का वादा भी किया गया था। चयनित बच्चों को भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों में पेड वर्क का अवसर और फैशन इंडस्ट्री में मजबूत प्रोफाइल तैयार करने का सपना दिखाया गया था।

1.90 लाख में तय हुआ था होटल का आयोजन
आयोजन समिति ने करीब दो महीने पहले होटल में बुकिंग कराई थी। कार्यक्रम के लिए होटल प्रबंधन के साथ कुल 1.90 लाख रुपये में व्यवस्था तय हुई थी। इसमें दोपहर के समय करीब 150 लोगों के भोजन से लेकर पुल साइट पर रैंप वॉक के लिए जगह उपलब्ध कराने तक की व्यवस्था शामिल थी। हालांकि, कार्यक्रम शुरू होने तक होटल को पूरी राशि का भुगतान नहीं किया गया था। बताया गया कि आयोजकों की ओर से आधी रकम भी नहीं दी गई थी।
लाइट बंद होते ही बीच में रुका कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान होटल प्रबंधन ने बकाया राशि नहीं मिलने पर लाइट बंद करवा दी। इसके कारण क्राउन सेरेमनी सहित अन्य गतिविधियां बीच में ही रोकनी पड़ीं। इसके बाद भी आयोजन समिति के सदस्यों की ओर से भुगतान करने में आनाकानी किए जाने की बात सामने आई। मामला बढ़ने पर होटल प्रबंधन ने चांडिल थाने को इसकी सूचना दी। पुलिस पहुंची और आयोजन समिति के प्रमुख से देर रात तक पूछताछ करती रही।
इस आयोजन में जमशेदपुर के अलावा रांची से भी बच्चे और युवा पहुंचे थे। प्रत्येक प्रतिभागी से तीन हजार रुपये वसूले जाने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब प्रतिभागियों से शुल्क लिया गया था तो होटल का भुगतान समय पर क्यों नहीं किया गया? आयोजन में शामिल होने पहुंचे कई युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। प्रतिभागियों और उनके अभिभावकों के बीच भी इस घटना को लेकर नाराजगी है।

