Jamshedpur. ओडिशा सरकार ने एक प्रचंड चक्रवाती तूफान के 28 अक्टूबर को पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका के बीच रविवार को संवेदनशील इलाकों में कर्मचारियों और उपकरणों की तैनाती कर अपनी तैयारियों को और तेज कर दिया। बांग्लादेश ने इस चक्रवाती तूफान को ‘अर्नब’ नाम दिया है. इसके आगे बढ़ने के साथ जमशेदपुर में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है. ऐसे में जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड के विभिन्न हिस्सों में 27 से 30 अक्तूबर तक बारिश होने की संभावना है.भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अपने नवीनतम बुलेटिन में बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाव पिछले छह घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ा और गहरे अवदाव में तब्दील हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, इसके 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम निरंतर रफ्तार और 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ एक ‘बेहद प्रचंड चक्रवाती तूफान’ के रूप में आंध्र प्रदेश में बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट को पार करने की संभावना है।

अधिकारियों ने बताया कि इस मौसमी प्रणाली के 28 अक्टूबर को दोपहर से पहले तट से टकराने की उम्मीद है। इसके टकराने का अनुमानित स्थान ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 300 किलोमीटर दूर है। आईएमडी ने 27 से 29 अक्टूबर तक तीन दिनों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। आईएमडी ने कहा कि गरज के साथ बारिश और 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। मछुआरों को 24 अक्टूबर से समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।


