


Jamshedpur. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार की सुबह एग्रिको रोड नंबर-3, भालुबासा स्थित एक खंडहर क्वार्टर में छापेमारी कर महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 100 पुड़िया ब्राउन शुगर, नकद 5460 रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त खंडहर क्वार्टर में लंबे समय से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद सिदगोड़ा थाना की टीम ने त्वरित रणनीति बनाते हुए सुबह छापेमारी की। जैसे ही पुलिस टीम ने परिसर को घेरा, वहां मौजूद दो लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर की रहने वाली प्रीति कुमारी (27) और बागुननगर टीओपी, रोड नंबर-3 निवासी राहुल सांडिल (26) के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से छोटे-छोटे पैकेटों में रखी गई 100 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जो बिक्री के लिए तैयार थी। इसके अलावा उनके पास से नकद रुपये और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी पहली बार पुलिस की गिरफ्त में आए हैं। मामले में थाने में पदस्थापित एसआई विकास कुमार के बयान पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।



