Jamshedpur: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय, जमशेदपुर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक महोत्सव ‘एक्सप्लोर-13 2026’ का 28 नवंबर को पुरस्कार वितरण और डीजे नाइट के साथ समापन हो गया।

इस तीन दिवसीय कल्चरल फेस्ट में जमशेदपुर, घाटशिला, चाईबासा, चक्रधरपुर, पोटका, पटमदा और आस पास के क्षेत्रों के 100 से अधिक विद्यालयों और कॉलेजों के लगभग 15000 विद्यार्थियों ने 26-28 नवंबर इन तीन दिनों में साहित्य, खेल, रंगमंच, नृत्य-संगीत, ललित कला, मॉडन आर्ट एंड म्यूजिक जैसे 27 प्रतिस्पर्धाओं के 62 श्रेणियों में हिस्सा लिया ,जिससे विद्यार्थियों का उत्साह, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धा की भावना देखने को मिली।

‘एक्सप्लोर-13’ विद्यार्थियों के लिए अपनी रुचि और क्षमता को सामने लाने का अवसर बना है। आयोजन में पारंपरिक सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ आधुनिक तकनीक, खेल, साहित्य, कला और मनोरंजन को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के दायरे से आगे बढ़कर सीखने, अपनी प्रतिभा पहचानने और नए अनुभव हासिल करने का अवसर देना है।
तकनीक के क्षेत्र में एक्सपोर 13 ने एआई प्रॉम्प्थॉन और हैश कोड जैसी प्रतियोगिताएं के जरिये विद्यार्थियों को नवाचार एवं डिजिटल कौशल के प्रदर्शन का अवसर बनी हैं। वहीं बीजीएमआई प्रतियोगिता गेमिंग में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए विशेष आकर्षण बनी है। खेलकूद की गतिविधियों में क्रिकेट, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं को शामिल किया गया है, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों को टीम भावना, अनुशासन और खेल कौशल प्रदर्शित करने का मंच मिला है।
महोत्सव का सांस्कृतिक पक्ष भी विविधता से भरपूर रहा है। रैंप वॉक, गायन, एकल एवं समूह नृत्य, स्किट और फायरलेस कुकिंग जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अभिव्यक्ति को सामने लाने का माध्यम बना हैं। इसके साथ ही साहित्यिक एवं कलात्मक गतिविधियों के जरिए प्रतिभागियों को अपनी कल्पनाशीलता और बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन करने का अवसर दिया गया है।
अंतिम दिन इस महोत्सव की शुरुआत आकर्षक फ़्लैश मॉब के साथ हुई जिसके बाद ग्रुप डांस, ग्रुप सिंगिंग, फैशन शो, क्रिकेट, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, जैसे विभिन्न प्रतियोगिताओं के अंतिम चरण के प्रतिभागियों के बीच कड़ी स्पर्धा देखने को मिली। सभी प्रतियोगिताओं के समापन के बाद पुरस्कार वितरण समारोह का आरंभ हुआ जहाँ मुख्य अतिथि पोटका क्षेत्र के पुलिस उप निरीक्षक दयानंद कुमार और विशिष्ट अतिथि एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, सम्मानित अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदनमोहन सिंह, कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों के बीच ट्रॉफी, मेडल के साथ कुल 200000 नगद राशि का पुरस्कार के रूप में वितरण किया गया। एक्सप्लोर-13 में ओवरऑल विजेता की ट्रॉफी करीम सिटी कॉलेज को प्रदान की गई और अरका जैन और नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के बीच उपविजेता की ट्रॉफी के लिए टाई हो जाने के पश्चात आयोजक संस्थान होने के कारण निर्णायक समिति के निर्णयानुसार उपविजेता की ट्रॉफी अरका जैन को प्रदान की गई।
अपने संबोधन वक्तव्य में दयानंद कुमार ने कहा कि शिक्षा के साथ कला, संस्कृति, खेल और रचनात्मक गतिविधियां भी जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नई दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ भाग लेने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिन कुमार दास ने कहा कि युवा वर्तमान समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उनकी रचनात्मक क्षमता राष्ट्र के विकास में अहम योगदान दे सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नए विचारों के साथ आगे बढ़ने, असफलताओं से सीखने और मेहनत एवं टीम भावना को अपनी सफलता का आधार बनाने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए मदनमोहन सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि उनके व्यक्तित्व के हर पहलू को विकसित करने के लिए प्रयासरत है। ‘एक्सप्लोर’ इसी उद्देश्य के तहत विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है।
वहीं, कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि आज के दौर में विद्यार्थियों के लिए अकादमिक ज्ञान के साथ तकनीकी दक्षता, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क भी बेहद जरूरी है। ‘एक्सप्लोर-13’ जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को इन गुणों को विकसित करने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में मदद करती हैं।
अंतिम दिन विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विशेष डीजे नाईट का आयोजन भी किया गया है। जिसमें मुम्बई से आए डीजे प्रिंस जॉर्डन ने गीत- संगीत की जोरदार फ्यूजन के साथ वातावरण को गर्मजोशी से भर दिया।
‘एक्सप्लोर-13’ का मंच यह संदेश दे रहा है कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य ज्ञान अर्जित करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, विचारों को अभिव्यक्त करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार करना भी है।

