



Jamshedpur. जमशेदपुर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को टेल्को के मनीफिट इलाके में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में टाटा स्टील की टीम और जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (जेएनएसी) के अधिकारी शामिल रहे। अभियान के दौरान सड़क किनारे बने अवैध ढांचों को हटाया गया। प्रशासन की टीम ने मशीनों की मदद से करीब 15 दुकानों को हटाया, जिन्हें लंबे समय से अतिक्रमण माना जा रहा था। कार्रवाई के समय पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। बताया गया कि संबंधित दुकानदारों को पहले ही नोटिस देकर जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय तक दुकानें नहीं हटाई गईं।
इसके बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन अधिकारियों ने कोर्ट के निर्देश और प्रशासनिक आदेश का हवाला देते हुए अभियान जारी रखा। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और इलाके को व्यवस्थित बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि जहां-जहां अवैध कब्जा मिलेगा, वहां आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।



