


Jamshedpur. बिष्टुपुर स्थित को-ऑपरेटिव कॉलेज के आवासीय परिसर में एक शिक्षक भीम राम का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान 40 वर्षीय भीम राम के रूप में हुई है, जो कॉलेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और परिसर स्थित आवासीय क्वार्टर में अकेले रहते थे। पुलिस के अनुसार, भीम राम मूल रूप से बिहार के आरा जिले के बबुरा गांव के निवासी थे। उनकी पत्नी का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका था, जिसके बाद से वे मानसिक अवसाद में रह रहे थे।
शुक्रवार से ही शिक्षक को आसपास के लोगों ने नहीं देखा था। शनिवार को संदेह होने पर पड़ोसियों ने उनके आवास पर जाकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा भीतर से बंद होने पर अनहोनी की आशंका के मद्देनजर इसकी सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर सोफे पर भीम राम का शव पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।



