
Jamshedpur. कांग्रेस की ओर से आयोजित‘संविधान बचाओ रैली’ पर पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रघुवर दास ने हमला बोला है. उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस पार्टी ने दशकों तक सत्ता में रहकर संविधान की धज्जियां उड़ाईं, आज वही संविधान बचाने की बात कर रही है, जो हास्यास्पद है. मंगलवार को जमशेदपुर के एग्रिको स्थित आवासी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में रघुवर दास ने कहा, कांग्रेस को संविधान पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.
आज़ाद भारत में 50-60 वर्षों के शासन के दौरान कांग्रेस ने संविधान को ताक पर रख दिया. 1975 में आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने संविधान को संशोधित कर पूरे देश को नजरबंद कर दिया था. अब वही कांग्रेस संविधान के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेक रही है. उन्होंने कांग्रेस गठबंधन के एक मंत्री के बयान का हवाला देते हुए कहा, जब कांग्रेस गठबंधन का मंत्री कहता है कि उसके लिए शरियत पहले है और संविधान बाद में, तो कांग्रेस की असलियत उजागर हो जाती है. फिर भी कांग्रेस ‘संविधान बचाओ अभियान’ चला रही है, जो जनता को भ्रमित करने की कोशिश है.
