
Jamshedpur. सोनारी आदर्श गृह निर्माण समिति का चुनाव रविवार को संपन्न हो गया. इस चुनाव में सालों बाद सत्ता परिवर्तन भी हुआ. 40 वर्षों से समिति की कमान संभाल रहे वाईएन यादव समर्थित पैनल को करारी हार का सामना करना पड़ा. वहीं विरोधी खेमे के नेता धनंजय डे और उनकी टीम ने सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया. यह चुनाव रविवार को भारत सेवा श्रम संघ स्कूल परिसर, सोनारी में डीसी की निगरानी में संपन्न हुआ.
मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ और 3 बजे तक चला. इसके बाद शाम को रिजल्ट की घोषणा की गई. जीत पर विजयी खेमे के नेता धनंजय डे ने कहा, यह बुराई पर अच्छाई की जीत है अब सोसाइटी भ्रष्टाचार मुक्त होकर सर्वांगीण विकास की ओर बढ़ेगी. चुनाव के दौरान जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. खुद जिले के डीसी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्था की समीक्षा की. हालांकि, सुबह करीब 11:45 बजे के आसपास विरोधी खेमे ने फर्जी मतदाताओं के आने का आरोप लगाया, लेकिन अधिकारियों ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए मामला शांत कर दिया.
चुनाव में हंगामा, फर्जी मतदान का आरोप
चुनाव में उस वक्त हंगामा मच गया, जब कुछ मतदाता मतदान केंद्र के भीतर प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे. टीम परिवर्तन के वालंटियर ने उन्हें भीतर घुसने से रोकने का प्रयास किया, जिसके कारण दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी और हंगामा मच गया. हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के हस्तक्षेप से तत्काल हंगामा रुक गया, लेकिन यह सिलसिला बीच-बीच में भी कुछ मतदाताओं के आने के साथ जारी रहा. बेहद विवादित इस सोसाइटी में पहली बार सुप्रीम कोर्ट के आदेश से जिला प्रशासन सोसाइटी परिसर से बाहर चुनाव करवाया गया.
