


Jamshedpur. जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित निराला पथ में तीसरी शादी और धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ. एक महिला द्वारा अपने पति पर धोखे से शादी और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाने के बाद यह मामला तुल पकड़ गया. महिला ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2012 में उसकी शादी कालू बागान निवासी एक मुस्लिम युवक से हुई थी. विवाह के समय ही उसने साफ कर दिया था कि वह धर्म परिवर्तन नहीं करेगी और न ही प्रतिबंधित मांस का सेवन करेगी. बाद में उसे पता चला कि पति पहले से दो शादियां कर चुका है. कई वर्षों तक मानसिक प्रताड़ना झेलने के बाद वह एक सप्ताह पहले अपने मायके लौट आई.
ऐसे बढ़ा विवाद
सोमवार रात पति अपनी मां और पहली पत्नी के बेटे के साथ महिला के मायके पहुंचा और जबरन उसे साथ ले जाने की कोशिश की. महिला के विरोध पर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया. स्थानीय लोग और एक धार्मिक संगठन के सदस्य मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
सूचना पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला. दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. इलाके में एहतियातन क्यूआरटी तैनात कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि महिला की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



