
Jamshedpur. बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत अंतर्गत ब्लॉक नंबर 14/2/3, रोड नंबर-1 (पानी टंकी के सामने) के पास इलाज कराने रांची गए सेवानिवृत्त आर्मी जवान श्रवण कुमार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया. मंगलवार शाम जब वे अस्पताल से लौटे तो घर के ताले टूटे मिले. चोरों ने करीब 32 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, बर्तन, पंखे, इनवर्टर, टीवी, मोटर, नल, यहां तक कि बिजली के बोर्ड-स्विच तक उखाड़ लिए. इतना ही नहीं, सेना से जुड़े दस्तावेज, जमीन के कागजात और बैंक पेपर्स भी गायब हैं.
सेवानिवृत्त फौजी श्रवण कुमार पिछले छह महीने से गंभीर बीमारी के कारण रांची के अस्पताल में भर्ती थे. घर में ताला बंद था. मंगलवार को जब श्रवण कुमार अपने बेटे सत्यम के साथ इलाज कराकर घर लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद पाया. इसके बाद लोगों की मदद से जब दरवाजा खोला, तो उनके होश उड़ गये. दो मंजिला मकान की छत के पिछले हिस्से में लगी लोहे की ग्रिल की कुंडी टूटी हुई थी.
छत के रास्ते से घर के भीतर घुसे थे चोर
चोर छत के रास्ते ही घर के भीतर दाखिल हुये थे और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 30 लाख के गहने गायब कर दिये थे. इसके अलावा घर में लगे इनवर्टर, महंगे कपड़े, बिजली के उपकरण, सीलिंग पंखे और पानी खींचने वाला मोटर तक खोलकर ले गये. श्रवण कुमार ने बताया – पिछले छह माह से रांची में उनका इलाज चल रहा था. 20 दिन पूर्व बेटा घर आया तो दरवाजा अंदर से बंद पाया. लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला और वापस लौट गया था. चोर पीछे के रास्ते से घर की छत पर पहुंचे और धीरे-धीरे सारा सामान ले गये.
