


Jamshedpur:नीलडीह ग्वाला बस्ती के रामाधीन बागान के पास बाइक सवार तीन युवकों ने गर्दन पर चापड़ सटाकर लूट लिये 13 हजार रुपयेजमशेदपुर के नीलडीह ग्वाला बस्ती स्थित रामाधीन बागान के पास सोमवार दोपहर बाइक सवार तीन युवकों ने एक युवक की गर्दन पर चापड़ सटाकर 13 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। पीड़ित हरमीत सिंह न्यूवोको सीमेंट प्लांट में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे वह ड्यूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और पेट्रोल के लिए 20 रुपये मांगे। हरमीत के रुकते ही एक युवक ने चापड़ निकालकर उनकी गर्दन पर सटा दिया और उनकी जेब से 13 हजार रुपये निकाल लिए।
आरोपियों ने चांदी की चेन छीनने की भी कोशिश की। हरमीत ने विरोध करते हुए आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी बीच आसपास के लोगों के पहुंचने पर तीनों युवक मौके से फरार हो गए। हरमीत का आरोप है कि वह शिकायत लेकर गोलमुरी थाना पहुंचे थे, लेकिन उन्हें टेल्को थाना क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा गया। उन्होंने पुलिस को आरोपियों का हुलिया भी बताया है। एक आरोपी ने कैप पहन रखी थी, जबकि दो सफेद टी-शर्ट और काली पैंट में थे। जिस बाइक से आरोपी आए थे, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी और लूटे गए रुपये बरामद करने की मांग की है।

