Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: डिमना क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान दर्दनाक हादसा, करंट लगने से मजदूर की मौत

Jamshedpur. डिमना क्षेत्र में शनिवार शाम पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। करंट लगने से 50 वर्षीय मजदूर चेतन यादव की मौत हो गई। मृतक गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड का निवासी बताया गया है। हादसे के बाद उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, डिमना स्थित जयपाल कॉलोनी के सामने श्री मनोकामना शिव दुर्गा मंदिर के पास पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पास में पानी निकालने के लिए मोटर चल रही थी। इसी दौरान काम कर रहे चेतन यादव अचानक करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गिर पड़े। मजदूर को बचाने पहुंचे उसके साथी अर्जुन यादव को भी करंट का झटका लगा। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बिजली की आपूर्ति बंद कराई और राहत कार्य शुरू किया।

साथी मजदूर पहले वाहन की व्यवस्था करने में जुटे, लेकिन देरी होती देख मजदूर पवन कुमार स्कूटी से चेतन यादव को एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा बिजली के खुले तार, मोटर या किसी अन्य तकनीकी खामी के कारण हुआ। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

Exit mobile version