


Jamshedpur. पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। हरिणा पंचायत के चिरूगोड़ा गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्य ब्रेन मलेरिया से संक्रमित पाए गए हैं, जिससे पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। संक्रमितों में 35 वर्षीय आशा मुर्मू, उनका 6 वर्षीय पुत्र फूदान मुर्मू और 4 वर्षीय पुत्र देव मुर्मू शामिल हैं। तीनों को गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दोनों बच्चों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मां समेत तीनों को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया। हरिणा पंचायत की मुखिया सरस्वती मुर्मू ने बताया कि पंचायत के अधिकांश गांव मलेरिया प्रभावित हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से पंचायत में अस्थायी चिकित्सा शिविर लगाकर नियमित जांच और उपचार की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि ब्रेन मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। साथ ही उन्होंने दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में एंबुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की। उनका कहना है कि समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी होती है।
सीएचसी पोटका के चिकित्सक डॉ. सत्यनारायण भगत ने बताया कि फिलहाल अस्पताल में छह मलेरिया मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से चार मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं।


