Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: बारीडीह के विजया गार्डन फेज-7 में दर्दनाक हादसा, टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी की 10वीं मंजिल से गिरकर मौत

Jamshedpur बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी 62 वर्षीय संदीप पाल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह 10वीं मंजिल से नीचे गिर गए थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रहे थे
परिजनों के अनुसार, संदीप पाल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से परेशान चल रहे थे। करीब 15 दिन पहले ही वह अपनी बेटी को बीकॉम की पढ़ाई के लिए मुंबई के एक कॉलेज में छोड़कर जमशेदपुर लौटे थे। बताया गया कि बेटी की पढ़ाई और उसके भविष्य को लेकर वह काफी चिंतित रहते थे।

टाटा स्टील के मर्चेंट मिल में चीफ रह चुके थे
संदीप पाल टाटा स्टील के मर्चेंट मिल में चीफ पद पर कार्यरत रह चुके थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह अपने परिवार के साथ जमशेदपुर में रह रहे थे। उनकी अचानक मौत की खबर मिलने के बाद परिचितों और शुभचिंतकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया है। फिलहाल संदीप पाल के 10वीं मंजिल से गिरने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version