Jamshedpur.मानगो थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी जवाहरनगर फॉरेस्ट एरिया रोड नंबर-14 से की गई। पुलिस ने उनके पास से 4.93 ग्राम ब्राउन शुगर और 530 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान उलीडीह के कुंवर सिंह रोड स्थित मध्य विद्यालय के पास रहने वाले मनमीत सिंह (20) और आदर्शनगर रोड नंबर-4 निवासी आनंद राज विद्यार्थी उर्फ जोंटी (24) के रूप में हुई है।

मामले का खुलासा करते हुए जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जवाहरनगर फॉरेस्ट एरिया में कुछ लोग ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने चिह्नित स्थान पर घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से दोनों युवकों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से 4.93 ग्राम ब्राउन शुगर और 530 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

